03 अप्रेल 25 राजगढ़, ब्यावरा मप्र.

ब्यावरा। सशस्त्र सेनाओं में तैनात जवानों के प्रति सम्मान, आदर और क्रेज समाज के हर व्यक्ति के मन में है।
ब्यावरा विधानसभा में जन्मे सेना के जवान प्रहलाद सिंह यादव गुरुवार को जब सेना से रिटायर होकर अपने घर पुनरखेड़ी लौटे तो उनके स्वागत में पूरा गांव उमड़ पड़ा। उनके सम्मान में गांव में धूमधाम से रैली भी निकाली गई। सेना से सेवानिवृत्त होकर लौटे सैनिक यादव का मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री नारायण सिंह पंवार ने माला- साफा पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया।  इस दौरान मंत्री पंवार ने कहा कि सैनिक विपरीत परिस्थितियों में भी देश की सीमाओं पर डटकर नागरिकों की दुश्मन सेनाओं से सुरक्षा करते हैं। आज हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के सेवा क्षेत्र का मनोबल उच्च स्तर पर पहुंचा है। उन्होंने कहा कि सेना को अत्याधुनिक हथियारों और नवीनतम तकनीक से लैस किया जा रहा है, जिससे देश की रक्षा और सैन्य क्षमताओं में व्यापक सुधार हुआ है। प्रधानमंत्री ने भारत की सेना को स्वदेशी लड़ाकू विमानों और हथियारों के निर्माण पर ध्यान केंद्रित करते हुए विदेशी हथियारों पर निर्भरता को कम किया है। अब भारत सिर्फ युद्ध का जवाब नहीं देता, बल्कि दुश्मनों पर हमला कर उनके घर में घुसकर मारता है। उन्होंने सेना के जवानों की तारीफ करते हुए कहा कि सेना का जवान कागज से रिटायर्ड होता है, सेवा से नहीं होता है। वह हमेशा देश की सेवा करता रहता हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि हमारे देश का सैनिक जहां दिखे उन्हें सम्मान देते हुए उनको सेल्यूट करना चाहिए।उनके सम्मान में कभी कमी नहीं आनी चाहिए।

लगभग 9 करोड़ से बनेंगे 2 सड़क मार्ग

उन्होंने ग्रामीणवासियों से कहा कि आप लोगों की ग्राम पुनरखेड़ी से नापलियाखेड़ी सड़क निर्माण की जो मांग थी वह अब पूरी होने वाली है, जल्द ही लगभग 7 करोड़ रुपए की लागत से उसका निर्माण होगा, साथ ही लगभग 2 करोड़ की लागत देवलखेड़ा से कौड़ियांगौड़ जोड़ तक के सड़क मार्ग का भी जल्द निर्माण होगा।आज हमारा मध्य प्रदेश माननीय मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में प्रगति के पथ पर लगातार बढ़ रहा हैं , जनकल्याण के कार्यों की गति और भी तेज हुई है।इस दौरान जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि जगदीश गुर्जर, मंडल अध्यक्ष जयेंद्र गुर्जर , राधेश्याम यादव एवं ग्रामीणवासी उपस्थित रहे।