RCB की 16000+ करोड़ डील पर क्रिकेटर ने ली मजेदार चुटकी
आईपीएल की दो टीमों को नया मालिक मिल गया और साथ ही रिकॉर्ड्स भी बन गए हैं। राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीमों की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी दो अलग-अलग कंसोर्टियम ने मंगलवार को हासिल की। अमेरिकी मूल के बिजनेसमैन काल सोमानी के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम ने राजस्थान रॉयल्स की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी 1.63 अरब डॉलर (करीब 15,290 करोड़ रुपये) में खरीद ली। वहीं, यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (यूएसएल) की जगह आरसीबी का स्वामित्व अब आदित्य बिड़ला ग्रुप के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम के हाथ आ गया है।
आरसीबी को यूएसएल से आदित्य बिड़ला ग्रुप के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम ने 1.78 बिलियन यूएस डॉलर (भारतीय रुपये में करीब 16,706 करोड़) में खरीदा है। आरसीबी की डील के बाद नीदरलैंड के तेज गेंदबाज पॉल वान मीकेरन का एक ट्वीट चर्चा में आ गया है। उन्होंने इस डील पर चुटकी लेते हुए कहा कि इस राशि का 0.5 प्रतिशत भी नीदरलैंड क्रिकेट को मिल गया तो हम क्रिकेट की नई ताकत बन सकते हैं।
ICC के सदस्य देशों की मांग
दरअसल, हाल ही में भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में हुए टी20 विश्वकप में आईसीसी के सदस्य देशों का प्रदर्शन शानदार रहा था। पहली बार टी20 विश्वकप 20 टीमों के साथ खेला गया और कई सदस्य देशों ने अपने प्रदर्शन से तारीफें जीतीं। इसके बाद कई सदस्य देशों के खिलाड़ियों ने आईसीसी के पूर्ण सदस्य देशों के साथ ज्यादा से ज्यादा मैचों की मांग की थी। ओमान के कप्तान जतिंदर सिंह से लेकर नीदरलैंड के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स तक ने आईसीसी से मांग की थी कि उन्हें नियमित क्रिकेट सीरीज मिले ताकि वे आईसीसी टूर्नामेंट्स में ज्यादा से ज्यादा हिस्सा ले सकें। इस पर आईसीसी ने स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी थी, लेकिन कहा था कि कागज पर कमजोर दिखने वाली टीमों ने टूर्नामेंट को रोमांचक बना दिया। आईसीसी ने उनका आभार भी जताया था।
मीकेरन ने ऐसा क्या कहा?
अब मीकेरन के बयान ने इस मुद्दे को फिर उठा दिया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि आरसीबी को मिली रकम का छोटा सा हिस्सा नीदरलैंड के क्रिकेटरों की मदद करेगा और क्रिकेट को और वैश्विक बनाने में एक अहम कदम साबित होगा। उन्होंने आरसीबी को टैग करते हुए लिखा, 'अगर सिर्फ इस राशि का 0.5 प्रतिशत हिस्सा भी नीदरलैंड क्रिकेट को मिल जाए, तो हम पूर्ण सदस्य से अपने गैप को कम करने में सक्षम हो सकते हैं। इससे क्रिकेट को और वैश्विक और चुनौतिपूर्ण बनाने में मदद मिलेगी।'
आरसीबी का स्वामित्व बदला
आईपीएल 2025 का खिताब जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का स्वामित्व बदल गया है। यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (यूएसएल) की जगह आरसीबी का स्वामित्व अब आदित्य बिड़ला ग्रुप के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम, जिसमें द टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन की परपेचुअल प्राइवेट इक्विटी स्ट्रैटेजी शामिल है, के पास चला गया है। आरसीबी के नए संभावित चेयरमैन के बारे में खबर है कि वह टीम के कप्तान रजत पाटीदार के साथ खेल चुके हैं। आर्यमान बिड़ला आरसीबी के नए अध्यक्ष बन सकते हैं।
आर्यमान बिड़ला, आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला के बेटे हैं। आर्यमान एक क्रिकेटर रहे हैं और घरेलू क्रिकेट में मध्य प्रदेश की तरफ से खेले हैं। मध्य प्रदेश से ही आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार भी खेलते हैं। आर्यमान और पाटीदार मध्यप्रदेश के लिए एक साथ पारी की शुरुआत कर चुके हैं। आर्यमान मध्य प्रदेश के लिए प्रथम श्रेणी और लिस्ट ए दोनों फॉर्मेट में खेल चुके हैं। उन्होंने नौ प्रथम श्रेणी मैचों में 414 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक शामिल है।
आर्यमान ने क्यों किया क्रिकेट से किनारा?
आर्यमान को 2018 की आईपीएल नीलामी में राजस्थान रॉयल्स ने साइन किया था। 2019 में मानसिक स्वास्थ्य की चुनौतियों का हवाला देते हुए पेशेवर क्रिकेट से दूरी बना ली थी। क्रिकेट से दूरी बनाने के बाद 28 साल के आर्यमान अब अपना पूरा ध्यान पारिवारिक व्यापार और एंटरप्रेन्योरशिप पर लगाते हैं। इस डील के बाद जारी एक बयान में यूएसएल ने कहा, 'यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड ने अपने बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक के बाद घोषणा की कि उसने अपना मालिकाना हक वाली सब्सिडियरी रॉयल चैलेंजर्स स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड (आरसीएसपीएल) में 100 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी एक कंसोर्टियम को बेचने के लिए पक्के अनुबंध एग्रीमेंट किए हैं।'यूएसएल ने कहा, 'यह पूरी तरह से कैश ट्रांजैक्शन है। इस ट्रांजैक्शन में आरसीबी की पुरुष और महिला टीमें शामिल हैं।'
गिलेस्पी के बयान से फिर उड़ा पाकिस्तान सुपर लीग का मजाक
मध्य प्रदेश में शराब दुकानों के ई-टेंडर का 8वां चरण शुरू, 27 मार्च को ऑक्शन
रेप केस में बड़ा एक्शन: आम आदमी पार्टी विधायक जसबीर सिंह पठानमाजरा MP से गिरफ्तार
भारत की GDP ग्रोथ पर नजर, पश्चिम एशिया तनाव से कितना असर?
बार-बार प्यास और पेशाब आना, डायबिटीज का संकेत
एस्टेट विभाग का नोटिस: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को 24 अकबर रोड 28 मार्च तक खाली करने का आदेश
सुबह की एक गलती बन सकती है हार्ट अटैक की वजह
