12 फरवरी के बाद अपने फैसले पर यू-टर्न लेंगे नकवी? क्या मैच के बहिष्कार का बांग्लादेश चुनाव से है कनेक्शन
पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप में ग्रुप चरण का मैच खेलने से इनकार कर दिया है। पाकिस्तान को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है क्योंकि आईसीसी ने इस फैसले पर नाराजगी जताई है। भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो में मुकाबला खेला जाना है। दोनों ही टीमें ग्रुप ए में शामिल हैं, लेकिन पाकिस्तान सरकार ने इस मैच का बहिष्कार करने का फैसला किया है।
पाकिस्तान ने नहीं बताया कारण
पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने का कोई कारण नहीं बताया है। यहां तक कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने आधिकारिक तौर पर आईसीसी को इस बारे में सूचित भी नहीं किया है। अब ऐसे संकेत भी मिल रहे हैं कि पाकिस्तान इस फैसले पर यू-टर्न भी ले सकता है। क्या पाकिस्तान के इस ड्रामे के पीछे बांग्लादेश में होने वाले आम चुनाव भी एक कारण है? दरअसल, बांग्लादेश में 12 फरवरी को चुनाव होने हैं। अभी वहां मोहम्मद यूनुस अंतरिम सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं। कई लोगों का मानना है कि पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी जो पीसीबी के प्रमुख भी हैं, वह यूनुस सरकार की जगह लोकतांत्रिक सरकार बनने के बाद अपना फैसला बदल सकते हैं।एक सूत्र ने न्यूज एजेंसी पीटीआई के हवाले से कहा, नकवी एक क्रिकेट प्रशासक से ज्यादा नेता हैं और उन्हें राष्ट्रीय टीम के हितों की खास चिंता नहीं है। वह राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं और चुनाव के बाद यू-टर्न ले सकते हैं। भारत के खिलाफ मैच से पहले दो दिन का वक्त रहेगा और हालात बदल सकते हैं। वरना वह जानते हैं कि पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग किया जा सकता है।
पाकिस्तान पर कड़ी कार्रवाई संभव
भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने पर आईसीसी पीसीबी पर शिकंजा कसने की तैयारी में है।आईसीसी ने पीसीबी को इस बात से अवगत कराया है कि अगर पाकिस्तान की टीम भारत के खिलाफ होने वाला मैच नहीं खेलेगी तो टी20 विश्व कप के आधिकारिक प्रसारक जियोस्टार उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सकता है।इस बात की संभावना अधिक है कि आईसीसी पाकिस्तान का वार्षिक राजस्व रोक ले जो करीब 35 मिलियन डॉलर है। इसी से प्रसारक के नुकसान की भरपाई की जाएगी। विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि पीसीबी ने इस मामले पर समर्थन के लिए अन्य सदस्य बोर्डों से संपर्क किया, लेकिन उसे कोई समर्थक नहीं मिला।
बांग्लादेश के साथ दिखने की कोशिश
आईसीसी ने बांग्लादेश को टी20 विश्व कप से बाहर किया था। दरअसल, बांग्लादेश ने सुरक्षा का हवाला देते हुए उसके मैच भारत के बजाए श्रीलंका में कराने की मांग की थी जिसे आईसीसी ने अस्वीकार कर दिया था। पाकिस्तान ने बांग्लादेश का समर्थन किया था और उसका भारत के खिलाफ नहीं खेलने का फैसला इसी से प्रेरित है। पाकिस्तान हर हाल में बांग्लादेश के साथ खड़ा होता दिखाना चाह रहा है। हालांकि, उसे यह भी मालूम होना चाहिए कि जिस तरह बांग्लादेश पर एक्शन लिया गया, वैसे ही आईसीसी पाकिस्तान पर भी कार्रवाई कर सकती है।
Supreme Court of India ने CISF कांस्टेबल बहाली मामले में केंद्र की अपील खारिज की
पारदर्शी आबकारी नीति से सरकार की कमाई में ऐतिहासिक बढ़ोतरी
लोकसभा सीटों में 50% वृद्धि से उत्तरी राज्यों को बढ़त, दक्षिण भारत को संभावित नुकसान
Madhya Pradesh High Court की सख्ती, डॉक्टर को रिश्वत मामले में फटकार
दोस्त की हत्या कर शव घर में दबाया, फिर भूत के डर से आरोपी ने किया आत्मसमर्पण
बंगाल में सियासी पारा चढ़ा: अमित शाह ने ममता सरकार के खिलाफ 14 आरोपों की चार्जशीट जारी की
