सुरेशशर्मा, प्रधान संपादक

ब्यावरा। बाबा भोलेनाथ की भक्ति का पवित्र श्रावण मास चल रहा है, इस सावन के महीने में बाबा भोलेनाथ के भक्त बाबा को रिझाने भक्ति के रंग में रंग जाते है। इस पवित्र श्रावण मास मे चाहे महिलाएं, पुरुष हो या बच्चे सभी अपने अपने तरीके से भोले बाबा की भक्ति करते नजर आ रहे है। इसी क्रम में रविवार को जोगी मोहल्ला स्थित श्री अलबेला हनुमान मंदिर से महिला मंडल द्वारा नगर में कावड़ यात्रा निकाली। कावड़ यात्रा सुठालिया रोड़, पिंजरा गली, धान मंडी एबी रोड़, अहिंसा द्वारा इंदौर नाका होते हुए अंजनिलाल मंदिर पहुंची। जहां द्वादश ज्योतिर्लिंग महादेव मंदिर में बाबा भोलेनाथ को जल अर्पण कर अभिषेक किया। कावड़ यात्रा का नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। यात्रा के दौरान बम भोले के जयकरों के साथ डीजे की थाप पर भक्त झूमते चल रहे थे, जिससे नगर शिवमय दिखाई दे रहा था। कांवड़ यात्रा में स्कूली बच्चें भी शामिल हुए जिन्होंने अपने कंधे पर कावड़ रख जम कर बमभोले के जयकारे लगाते हुए देवादिदेव महादेव को जल अर्पण कर सभी नगरवासियों की खुशहाली की कामना की।